UP News: शिवली थाना क्षेत्र के बेहटा में रविवार रात बारिश के चलते जल निगम द्वारा बनाई गई पानी की टंकी की बाउंड्रीवाल ढहकर बगल में बने पशुशाला पर गिर गई। इससे पशुशाला में सो रहे मजदूर की मलबे में दबकर मौत हो गई। जबकि उसका बेटा बाल-बाल बच गया। मामले में तीन सदस्यीय टीम गठित कर 48 घंटे में टंकी निर्माण की रिपोर्ट मांगी गई है। बेहटा निवासी मुबारक अली (55) मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार रात खाना खाने के बाद वह अपने बड़े बेटे अयूब के साथ पानी की टंकी के बगल में बने पशुशाला में सोने चले गए। बारिश के चलते रात करीब दो बजे टंकी की बाउंड्रीवाल ढहकर पशुशाला पर गिर गई।
इससे मुबारक अली मलबे में दब गया। जबकि बेटा अयूब बाल-बाल बच गया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही मजदूर की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने चहारदीवारी निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की जांच के लिए एसडीएम मैथ्या, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग और अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड नबीपुर की तीन सदस्यीय टीम गठित कर 48 घंटे के अंदर रिपोर्ट मांगी है। जिलाधिकारी ने बताया कि मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।