Up News: यूपी के सीतापुर के नेरी रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम शाहजहांपुर से गोंडा जा रही पैसेंजर ट्रेन की बोगी में एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। यात्रियों ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। इस बीच ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक प्लेटफार्म पर खड़ी रही। जीआरपी ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शाहजहांपुर से गोंडा जा रही पैसेंजर ट्रेन संख्या 55060 रविवार शाम पांच बजे नेरी रेलवे स्टेशन पर रुकी। इसी बीच यात्री ट्रेन की आखिरी बोगी में चढ़ने लगे। गेट से अंदर घुसते ही सामने का नजारा देखकर सभी दंग रह गए। युवक का शव पंखे के पास लगे हुक से लटका हुआ था। यात्रियों ने बोगी से उतरकर स्टेशन मास्टर को सूचना दी। मौके पर पहुंची जीआरपी ने युवक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के नरवाहनपुर निवासी विवेक कुमार (21) के रूप में की। जीआरपी आगे की कार्रवाई कर रही है।
Tags: