UP News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के एक गांव में बंद कमरे से 40 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि घटना ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के इलायचीपुर गांव में हुई. उन्होंने बताया कि पड़ोसियों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा तो शव पहली मंजिल पर बंद कमरे से बरामद हुआ.
मिली जानकारी के मुताबिक लोनी के अपर पुलिस आयुक्त सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शव कंबल में लिपटा हुआ मिला और कमरे से तेज बदबू आ रही थी. उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में मृतका की पहचान कृष्णा देवी के रूप में हुई है और वह पिछले ढाई साल से इलायचीपुर गांव में इमरान नाम के व्यक्ति के साथ किराए के मकान में रह रही थी. अधिकारी ने बताया कि इससे पहले महिला अपने पहले पति की मौत के बाद 3 बच्चों के साथ दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में रहती थी.
पुलिस के मुताबिक महिला ने दूसरी शादी कर ली थी और अपने परिवार से दूरी बनाकर इमरान के साथ रहने लगी थी. अधिकारी ने बताया कि कृष्णा देवी को लोगों ने आखिरी बार 22 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे देखा था। उन्होंने बताया कि महिला का मोबाइल फोन मौके पर नहीं मिला है और बताया जा रहा है कि जिस घर से शव बरामद हुआ है वह दिल्ली निवासी बरकत शाह का है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने महिला के दिल्ली में रहने वाले परिवार और 3 बच्चों को सूचना दे दी है। वहीं, घर में रहने वाला इमरान और उसका चाचा फिलहाल फरार हैं। अधिकारी ने बताया कि हम मामले के हर पहलू की जांच कर रहे हैं।