Up News: बाइक और पिकअप में टक्कर, 3 की मौत

Update: 2025-09-08 01:50 GMT
Up News: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में हुए एक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। पिकअप से टकराने से बाइक सवार, उसकी मौसी और तीन साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पिकअप चालक हादसे के बाद से फरार बताया जा रहा है। इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र के महेवा के पास भीषण सड़क हादसा हुआ। रविवार दोपहर करीब 12:40 बजे औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र के अमावता गांव निवासी कपिल (24) अपनी मौसी सोनी देवी (45) और उनकी तीन साल की बेटी के साथ इटावा से दवा लेकर घर लौट रहा था।
जैसे ही वे इटावा जिले के महेवा के पास पहुंचे तो आगे जा रहे पिकअप चालक की गलती से बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। टक्कर में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी महेवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को जिला अस्पताल इटावा की मोर्चरी भिजवाया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अधिकारियों के अनुसार पिकअप की पहचान हो गई है। जल्द ही चालक को भी गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन महेवा पहुंच गए। शवों को देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल है। कपिल अपने परिवार का इकलौता बेटा था। सोनी देवी की दो बेटियां अपने मायके बिजौली में थीं, जो हादसे के वक्त उनके साथ नहीं थीं, जिस कारण उनकी जान बच गई। लेकिन परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
Tags:    

Similar News