UP News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के जरवल रोड थाना क्षेत्र के हरचंदा गांव में एक मकान की सफेदी में लगे दो मजदूरों को करंट लग गया। जिससे दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। बयान दर्ज करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हरचंदा निवासी सज्जन ईद के त्योहार के लिए मकान की सफेदी करा रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ। गृहस्वामी सज्जन ने बताया कि उनके यहां चार मजदूर सफेदी कर रहे थे। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे सफेदी के दौरान बाबू व अफजल नामक मजदूर लोहे की सीढ़ी को दूसरे छोर पर ले जा रहे थे।
तभी लोहे की सीढ़ी मकान के पास से गुजर रही एचटी लाइन से छू गई। करंट लगने से दोनों मजदूरों की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने दोनों को सीएचसी मुस्तफाबाद पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक रमेश रावत, उपनिरीक्षक अनिरुद्ध यादव सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जरवल रोड एसएचओ रमेश रावत ने बताया कि ग्राम पंचायत हरचंदा में गृहस्वामी के घर के पास से एचटी लाइन गुजरी थी, जिससे लोहे की सीढ़ी उससे छू गई और दोनों मजदूरों की मौत हो गई।
Tags: