UP News: सड़क किनारे मोमोज खाने से एक ही परिवार के 4 सदस्य अस्पताल में भर्ती
UP News: ग्रेटर नोएडा में मोमोज खाने के बाद एक ही परिवार के 4 सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उल्टी, दस्त और तेज बुखार की शिकायत के बाद सभी को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अस्पताल में भर्ती दीपिका कसाना ने बताया कि घटना 25 मई की है। उसने ग्रेटर नोएडा के अल्फा कमर्शियल बेल्ट स्थित एक दुकान से मोमोज खरीदे और घर जाकर अपने परिवार के साथ खाए। कुछ ही देर बाद दीपिका, उसके भाई विनय, भाई की पत्नी पारुल कसाना और मां मुनिता कसाना की तबीयत बिगड़ने लगी। चारों को पेट में तेज दर्द, उल्टी और दस्त होने लगे। परिवार के लोगों ने तुरंत सभी को ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने साफ तौर पर इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया। डॉक्टरों के मुताबिक खराब या संक्रमित खाने की वजह से ऐसा हुआ है।
बिना लाइसेंस के चलाया जा रहा था मोमोज का ठेला, जांच के लिए भेजे गए सैंपल
इस घटना के बाद परिजनों ने जिला खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इब्दुल्ला अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मोमोज की दुकान से सैंपल लिए। उन्होंने बताया कि मोमोज के साथ परोसी जाने वाली चटनी के भी सैंपल लिए गए हैं। जांच में यह भी पता चला है कि जिस दुकान से मोमोज खरीदे गए थे, उसके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था। फिलहाल सभी सैंपल जांच के लिए लैब में भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट में किसी तरह की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित दुकान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बिना लाइसेंस के दुकान चलाने पर कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे।