UP News: शराब के नशे में धुत 2 लोगों ने हनुमान और माता मंदिर की मूर्तियां खंडित कीं, पुलिस ने दबोचा
UP News: यूपी के भदोही से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ शराब के नशे में धुत दो लोगों ने सड़क किनारे स्थापित हनुमान जी की मूर्ति और एक स्कूल के अंदर स्थापित चौरा माता मंदिर की मूर्ति को तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। भगवान की मूर्तियों को तोड़े जाने से लोगों में रोष है। एसपी ने इस मामले को संभालते हुए बयान दिया है कि तोड़ी गई मूर्तियों के स्थान पर नई मूर्तियाँ मंगवाई गई हैं, जिन्हें बुधवार सुबह विधि-विधान से स्थापित किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु ने कहा, "दो मूर्तियों को तोड़े जाने की घटना को लेकर लोगों में रोष को देखते हुए संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। जाँच में पता चला है कि वाराणसी के चोलापुर निवासी गोविंद वनवासी सोमवार रात पिपरी निवासी लाल जी वनवासी के घर आया था, जहाँ दोनों ने देर रात तक शराब पी और फिर नशे की हालत में मूर्तियों को तोड़ दिया।"
पुलिस अधीक्षक ने कहा, "आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। क्षतिग्रस्त मूर्तियों के स्थान पर नई मूर्तियाँ मँगवाई गई हैं, जिन्हें बुधवार सुबह विधि-विधान से स्थापित किया जाएगा।"गौरतलब है कि इससे पहले भी उत्तर प्रदेश से ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें भगवान की मूर्तियों को निशाना बनाया गया है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन को ऐसे मामलों की पहचान कर उनसे निपटना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
भदोही से सामने आए मामले के बाद जनता का कहना है कि शराबियों पर नकेल कसने की ज़रूरत है। वे शराब के नशे में आस्था से खिलवाड़ कर रहे हैं। जब तक ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाएगी, ऐसी घटनाएं नहीं रुकेंगी।