Aligarh अलीगढ़ : अलीगढ़ के सिविल लाइंस के हमदर्द नगर में तीन दिन पहले बोरे में मिला शव रेलवे रोड कोयले वाली गली के इलेक्ट्रीशियन राजीव सिंघानिया का था। उसकी हत्या करने के बाद शव बोरे में बंद कर फेंका गया था।
लापता इलेक्ट्रीशियन को खोज रहे परिवार ने शुक्रवार रात में पोस्टमार्टम केंद्र पहुंचकर शव की पहचान कर ली है। साथ में राजीव के कुछ दोस्तों पर इस हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस टीम सीसीटीवी के सहारे हत्या के खुलासे के प्रयास में जुटी है। हमदर्द नगर में बुधवार को कचरा बीनने वाले युवकों को कूड़े के ढेर में बोरे में बंद शव मिला था। खबर पर पहुंची पुलिस ने पहचान न होने पर शव पोस्टमार्टम केंद्र में रखवा दिया। इधर, रेलवे रोड बन्नादेवी का 48 वर्षीय राजीव सिंघानिया भी सोमवार से लापता था।
उसके परिजन भी उन्हें खोजने में लगे थे। शुक्रवार रात बन्नादेवी पुलिस राजीव की गली में किसी मामले में दबिश देने गई तो वहां राजीव के परिजनों ने पुलिस से राजीव की तलाश को लेकर मदद मांगी। इस पर बन्नादेवी पुलिस ने परिवार से बातचीत के बाद परिजनों को पोस्टमार्टम केंद्र भेजा। जहां बोरे में मिले शव की पहचान राजीव की बहन दीपमाला ने राजीव के शव के रूप में कर ली। इसके बाद शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।