Up Accident: बेकाबू ट्रैक्टर ने स्कूटी को मारी टक्कर,दो बहनों की मौत, तीसरी गंभीर
Up Accident: सुल्तानपुर में रविवार को एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो चचेरी बहनों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनकी तीसरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के वैदहा में हुई।मृतकों की पहचान वैदहा गांव निवासी प्रियदर्शिनी उर्फ शुभी (16), पुत्री विजय कुमार तिवारी, जो कक्षा आठ की छात्रा थी। उसकी चचेरी बहन आनवी तिवारी (17), पुत्री दीपक कुमार तिवारी, जो कक्षा 11 की छात्रा थी। प्रियदर्शिनी की छोटी बहन प्रशाली तिवारी को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, तीनों बहनें स्कूटी से मोतीगंज बाजार सामान लेने जा रही थीं। नहर की पटरी के पास देसी शराब के ठेके के समीप पहुंचते ही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आनवी का 30 जनवरी को जन्मदिन था और तीनों बहनें मिलकर उसकी तैयारी करने जा रही थीं।ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गोसाईगंज थानाध्यक्ष राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।