Up Accident: यूपी के हरदोई जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार जीजा-साले समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना सोमवार रात संडीला-प्रतापनगर मार्ग पर हुई। संडीला-प्रतापनगर मार्ग पर किसी वाहन ने बाइक सवार जीजा-साले समेत तीन लोगों को टक्कर मार दी। सोमवार देर रात हुई घटना में गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को सीएचसी अहिरोरी ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के झरोइया गांव निवासी सौरभ (22) पल्लेदारी करता था। वह गांव निवासी सुशील (18) और सीतापुर जिले के पिसावां थाना क्षेत्र के कुतुबनगर निवासी अपने साले अभिषेक (26) के साथ बाइक से सोमवार शाम बेनीगंज गया था।
रात करीब सवा आठ बजे तीनों बाइक से बेनीगंज से झरोइया लौट रहे थे। संडीला-प्रतापनगर मार्ग पर बेनीगंज पावर हाउस के पास किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अहिरोरी सीएचसी पहुंचाया और इस बीच सौरभ के परिजनों को घटना की जानकारी दी। बाद में सौरभ के पिता कंपाट भी परिजनों के साथ अहिरोरी सीएचसी पहुंचे। यहां डॉक्टर ने सौरभ, सुशील और अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों से घटना के बारे में पूछताछ की और घटनास्थल की भी जांच की।
Tags: