झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में सेल्समैन की मोटरसाइकिल पर टंगा थैला कटर से काटकर सिगरेट, नकदी और दवाइयां चोरी करने वाले दो आरोपियों को सीपरी बाजार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने महज 16 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों के कब्जे से सिगरेट की 35 डिब्बियां, तंबाकू, बीड़ी, कटर ब्लेड, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को अनिल कुमार कोष्ठा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मोटरसाइकिल पर टंगे थैले से करीब 80 हजार रुपये की सिगरेट, 9,400 रुपये नकद और दर्द की दवाइयां चोरी कर ली गई थीं।

पुलिस ने सूचना के आधार पर ग्वालियर रोड स्थित रेलवे अंडरब्रिज के पास एक खाली प्लॉट से मुजम्मील निवासी गाजियाबाद और विक्की कुमार निवासी लखनऊ को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की सिगरेट, बीड़ी और गुटखा राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 20 नवंबर को इलाइट चौकी क्षेत्र में भी चोरी की वारदात की थी। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Tags: