मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बेटे के साथ हुई मारपीट के मामले में समझौते के बहाने बुलाकर एक दंपति पर हमला करने का मामला सामने आया है। नागफनी थाना क्षेत्र के होली के मैदान में आरोपियों ने महिला और उसके पति के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तीन नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

शिव विहार कॉलोनी निवासी पारुल के अनुसार, 18 नवंबर की रात करीब 10 बजे सोनू टेलर ने फोन कर बताया कि उनके बेटे हिमांशु उर्फ प्रिंस से मारपीट करने वाले युवक माफी मांगकर समझौता करना चाहते हैं। इसके बाद पारुल अपने पति अतुल के साथ होली के मैदान पहुंचीं।

आरोप है कि वहां सोनू टेलर, बाबू उर्फ शूटर और अंश ने अपने तीन-चार साथियों के साथ मिलकर दंपति की पिटाई कर दी। बाबू उर्फ शूटर ने अतुल के चेहरे पर लोहे के कड़े से वार किया, जिससे उनकी नाक में गंभीर चोट आई।

क्षेत्राधिकारी कुलदीप गुप्ता के मुताबिक, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Tags: