Rajapakad, राजापाकड़/कुशीनगर : पूर्वांचल भोजपुरी महोत्सव एवं व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को ग्राम पंचायत मठिया स्थित कैम्प कार्यालय पर तृतीय मासिक बैठक आयोजित हुई। इसमें 11 सुकन्याओं के सामूहिक विवाह कार्यक्रम को सफल बनाने की दिशा में ठोस पहल के साथ-साथ संगठन को मजबूत करने और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए रणनीति बनाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं सावित्री देवी महाविद्यालय के प्रबंधक ज्ञानेश्वर उर्फ दीपक द्विवेदी ने कहा कि यह आयोजन केवल विवाह कार्यक्रम नहीं बल्कि एक सामाजिक क्रांति है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह के माध्यम से उस असहजता को रोका जाएगा जो विवाह के समय पिता या वर के मन में उत्पन्न होती है। यह प्रयास विशेष रूप से उल्लेखनीय है क्योंकि विवाह का संपूर्ण खर्च समिति उठाएगी और कन्यादान पिता अपने ही घर से करेंगे। यह समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण होगा। सावित्री देवी महाविद्यालय के प्राचार्य डा. संजय त्रिपाठी ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से दान की वास्तविक परिभाषा सामने आ रही है, जो भविष्य में समाज के लिए वरदान साबित होगा। पूर्वांचल भोजपुरी महोत्सव के अध्यक्ष एडवोकेट अखिलेश तिवारी ने कहा कि आज समाज में आत्ममुग्धता का भाव बढ़ रहा है, जबकि ज़रूरत सामाजिक ज़िम्मेदारियों के निर्वहन की है। उन्होंने बताया कि एक पंजीकृत संस्था के माध्यम से न केवल सुकन्या विवाह बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण जैसे अभियान भी चलाए जाएंगे। कार्यक्रम को विनय तिवारी, उमेश पांडेय, सतीश पांडेय, व्यापार मंडल गुरवलिया इकाई के अध्यक्ष विनोद उर्फ गुड्ड यादव, पूर्वांचल व्यापार मंडल के जिला प्रभारी डा. शेषनाग गुप्ता ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक उद्देश्यों की सिद्धि सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। साथ ही सांगठनिक मजबूती पर बल देते हुए अधिक से अधिक संगठनों को जोड़ने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार अमरनाथ पांडेय ने की तथा संचालन अखिलेश्वर पांडेय ने किया। इस अवसर पर आनंद यादव, प्रदीप यादव, नित्यानंद पांडेय, प्रमोद यादव, सोनू यादव, मृत्युंजय पांडेय, नीरज श्रीवास्तव, मोनू सिंह, ओमप्रकाश पांडेय, रामबड़ाई शर्मा, सोनू गुप्ता, आशुतोष मिश्र, ब्रजेश पाठक, दुर्गा दयाल तिवारी, मुकेश तिवारी, त्रषिकान्त मिश्र, डा. शंभूनाथ मिश्र आदि उपस्थित रहे।