Siddharthnagar सिद्धार्थनगर : उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के बड़हरा गांव में लगातार बारिश और नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। डुमरियागंज क्षेत्र में बारिश और नेपाल से पानी के आने के कारण बड़हरा गांव का संपर्क मार्ग पूरी तरह से डूब गया है, जिसके कारण यह गांव अब एक टापू में बदल गया है।
गांव के लोग आ-जा नहीं पा रहे हैं और प्रशासन से मदद का इंतजार कर रहे हैं। बड़हरा गांव में बाढ़ के कारण सिद्धार्थनगर का संपर्क मार्ग पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। ग्रामीणों के पास गांव से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा है और वे अब गांव में फंसे हुए हैं। यह स्थिति खाद्यान्न संकट को और भी गहरा रही है, क्योंकि आवश्यक वस्तुएं गांव तक नहीं पहुंच पा रही हैं। ग्रामीणों को खाद्य सामग्री की भारी कमी हो रही है और वे राहत की उम्मीद में प्रशासन का रुख देख रहे हैं।