Shri Kashi Vishwanath: लागू होगा ये नया नियम, अब ऐसे नहीं चढ़ा सकेंगे जल
Shri Kashi Vishwanath : श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने एक पोस्टर जारी कर 11 अगस्त से इस धाम में प्लास्टिक सामग्री पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। पोस्टर में कहा गया है कि 11 अगस्त से परिसर में किसी भी प्रकार के प्लास्टिक कंटेनर के साथ प्रवेश वर्जित रहेगा। मंदिर परिसर और उसके आसपास लगाए गए पोस्टरों में दर्शनार्थियों से धाम परिसर को स्वच्छ, पवित्र और प्लास्टिक मुक्त रखने में सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।
मंदिर प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि अब श्रद्धालु किसी भी प्रकार के प्लास्टिक कंटेनर में बाबा को जल अर्पित नहीं कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए सावन के पहले दिन से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और लोगों को बताया जा रहा है कि वे प्लास्टिक कंटेनर में जल या कोई भी वस्तु लेकर प्रवेश न करें।इससे पहले, मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया था कि दिसंबर 2024 में मंदिर ट्रस्ट द्वारा परिसर में प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया था। जिसके बाद अब इस पर काम शुरू किया जाएगा। सावन के महीने में अलग-अलग अभियानों के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
10 अगस्त 2025 से श्रद्धालु किसी भी प्रकार का प्लास्टिक लेकर मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।उन्होंने कहा था कि श्रद्धालुओं को फल, फूल और पूजन सामग्री से भरे प्लास्टिक के साथ भी मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। लोगों को बताया जाएगा कि वे किसी भी प्रकार के प्लास्टिक के डिब्बे में दूध, जल, माला या अन्य पूजन सामग्री अंदर नहीं ले जा सकते। श्रद्धालुओं को जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया पर भी अभियान चलाया जाएगा।