Shahjahanpur: बाघ ने गन्ना छिलाई कर रहे किसानों पर किया घातक हमला

"हमले में गांव के रामऔतार शुक्ला घायल"

Update: 2025-03-01 07:08 GMT

खुटार: गांव चांदपुर में गोशाला के पास खेत में शुक्रवार को गन्ना छिलाई कर रहे किसानों पर बाघ ने हमला कर दिया। इस हमले में गांव के रामऔतार शुक्ला (53) घायल हो गए। उनके पैर में बाघ के पंजों से गहरा घाव हो गया। परिजनों ने उन्हें ई-रिक्शा से खुटार सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी।

गांव चांदपुर निवासी बागीश शुक्ला ने बताया कि उनके पिता रामऔतार और गांव के हरि किशोर त्रिवेदी ने गन्ने की फसल बटाई पर ले रखी थी।

शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे रामऔतार गांव के अन्य किसानों-मुमताज, इस्तियाक, मुन्ना, चुन्ना, छोटे लल्ला समेत 14 लोगों के साथ खेत में गन्ने की छिलाई करने पहुंचे।

बाघ ने अचानक किया हमला

गन्ने के खेत में छिपे बैठे बाघ ने अचानक रामऔतार पर हमला कर दिया और उनका पैर पकड़कर खींचने लगा। इससे वह जमीन पर गिर गए।

उनकी चीख-पुकार सुनकर बाकी किसान बचाव के लिए दौड़े और जोर-जोर से शोर मचाया। शोर सुनते ही बाघ पड़ोस के गन्ने के खेत में भाग गया।

ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग की लापरवाही

ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी, लेकिन शाम तक कोई वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।

बाघ अभी भी गन्ने के खेत में छिपा बैठा है, जिससे ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि गांववालों को सुरक्षित रखा जा सके।

Tags:    

Similar News