Shahjahanpur: पिकअप ने पुलिस वाहन को मारी टक्कर, दो कैदी और पुलिसकर्मी घायल
Shahjahanpurशाहजहांपुर: मुरादाबाद पुलिस जेल से दो बंदियों को पेशी पर हरदोई ले जा रही थी। हाईवे पर नगरिया मोड़ पर एक पिकअप ने पुलिस वाहन में टक्कर मार दी, जिससे पुलिस वाहन सड़क किनारे खाई में पलट गया, जिससे दो बंदी और चालक सिपाही घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया। शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे पुलिस मुरादाबाद जेल से दो बंदियों को पेशी पर हरदोई ले जा रही थी। हाईवे पर नगरिया मोड़ के पास ब्रेकर से आगे चल रही पिकअप ने पुलिस वाहन में टक्कर मार दी, जिससे पुलिस वाहन सड़क किनारे खाई में पलट गया। पुलिस वाहन पलटने की सूचना पर नगरिया पुलिस चौकी के सिपाही मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बमुश्किल दोनों घायल बंदियों और चालक सिपाही को बाहर निकाला।
दोनों घायल बंदियों और सिपाही को सीएचसी भिजवाया। पिकअप चालक इरफान अली को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने ट्रैक्टर बुलाकर पलटे पुलिस वाहन को सीधा कराया। उपचार के बाद दोनों बंदियों को दूसरे पुलिस वाहन से पेशी के लिए हरदोई भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस वाहन में दो बंदी, एक उपनिरीक्षक, दो हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबल सवार थे। उन्होंने बताया कि दोनों बंदियों को पेशी के लिए दूसरे वाहन से हरदोई भेज दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।