Rampurरामपुर: रामपुर के डकोलढ़ में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। इस व्यक्ति की पहचान मस्तराम गांव मनोवती देवनगर के रूप में हुई है। यह शव एनएच-5 के किनारे पुलिया के पास मिला है। आशंका जताई जा रही है कि यह व्यक्ति सड़क किनारे खड़ा था और अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। बता दें कि शनिवार दोपहर को जब एक व्यक्ति सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहा था तो उसकी नजर सड़क से नीचे गई। जहां उसने एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में औंधे मुंह पड़ा देखा। जिसके बाद उसने आसपास के लोगों को इस बारे में सूचित किया। जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया। उक्त व्यक्ति पहले से ही मृत पाया गया।
पुलिस ने उसकी जेब से आधार कार्ड बरामद किया, जिससे उसकी पहचान करने में मदद मिली। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि व्यक्ति यहां कैसे आया और कब यहां गिरा। पुलिस ने उक्त व्यक्ति के परिजनों को इस बारे में सूचित कर दिया है। उधर, डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने शव को कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए खनेरी अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।