Rain ने बढ़ाई मुश्किलें, कई जिलों में जलभराव और हादसे

Update: 2026-07-03 10:46 GMT

Lucknow लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन कई जगहों पर जलभराव और हादसों की स्थिति भी देखने को मिली। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 11 जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

राजधानी से लेकर बुंदेलखंड और पूर्वांचल तक मौसम का असर साफ दिखाई दिया। मथुरा में करीब आधे घंटे की तेज बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं और रेलवे अंडरपास में गर्दन तक पानी भर गया। तेज बहाव में एक स्कूटी और दुकानों का सामान बह गया, जिससे लोगों को काफी नुकसान हुआ।कानपुर में देर रात से सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में पानी भरने से मरीजों और परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फूलबाग क्षेत्र में ऑर्डिनेंस इक्विपमेंट फैक्ट्री की लगभग 100 फीट लंबी बाउंड्री वॉल गिर गई, जबकि एक अपार्टमेंट के बेसमेंट की दीवार धंसने के बाद एहतियातन भवन को खाली कराया गया।

उन्नाव में तेज बारिश के कारण कई घरों में पानी घुस गया और गंगा तट पर विकसित हो रहे आनंद घाट आरती स्थल का एक हिस्सा बह गया। झांसी में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे किसान भारत सिंह कुशवाहा की मौत हो गई। जालौन में तेज आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई।प्रतापगढ़ में करीब 30 मिनट की बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली। औरैया में बारिश के बाद धान की रोपाई की तैयारियां तेज हो गई हैं। अयोध्या और वाराणसी में भी मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं और अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में प्रदेश में औसतन 8.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 54 प्रतिशत अधिक है। हालांकि 1 जून से 2 जुलाई तक कुल वर्षा 58.3 मिमी रही, जो सामान्य से 45 प्रतिशत कम है। इस अवधि में संभल में सबसे अधिक 46.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि मिर्जापुर, आजमगढ़, बदायूं, मुरादाबाद, वाराणसी, हरदोई, बिजनौर, एटा और लखीमपुर खीरी में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। साथ ही लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका वाले स्थानों से दूर रहें।

Tags:    

Similar News