एटा में शराब पीने के बाद तीन दोस्तों की मौत, वजह की जांच में जुटी पुलिस
तीन युवकों की मौत से हड़कंप
एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में निधौली कलां थाना क्षेत्र के किशोरपुर गांव में तीन युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिचितों के मुताबिक, तीनों ने साथ बैठकर शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
एसएसपी डॉ. इलामारन जी ने बताया कि बुधवार शाम करीब छह बजे जिला अस्पताल से तीन युवकों को गंभीर हालत में लाए जाने और मृत घोषित किए जाने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में सामने आया कि तीनों दोपहर करीब ढाई से तीन बजे गांव में एक स्थान पर शराब पी रहे थे।
पुलिस शराब के साथ किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन से प्रतिक्रिया होने की आशंका की जांच कर रही है। शराब के अधिक सेवन की संभावना को भी जांच में शामिल किया गया है। हालांकि, किसी कारण की पुष्टि नहीं हुई है। बरामद शराब को सील करके जांच के लिए भेजा गया है। खाद्य पदार्थों की भी जांच कराई जा रही है। संबंधित शराब की दुकान को सील करने की कार्रवाई आबकारी विभाग द्वारा की जा रही है।
तीनों शवों का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा जाएगा। पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जिलाधिकारी एम. अरुण मौली और एसएसपी डॉ. इलामारन जी ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।