पूरनपुर: थाना घुंघचाई क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी दो महीने पहले उसे छोड़कर माधोटांडा क्षेत्र के एक युवक के पास चली गई थी। जाते समय वह ससुराल से करीब दो लाख रुपये के जेवरात भी ले गई।

रविवार को पत्नी के वापस लौटने की जानकारी मिलने पर सिरसा चौराहे पर एक धार्मिक स्थल पर पंचायत बुलाई गई। जब पति ने पत्नी से सवाल किए तो वह झगड़ने लगी और पंचायत में ही उसके साथ मारपीट कर दी।

आरोप है कि महिला के प्रेमी और उसके भाई ने भी उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

बहू पर जेवरात चोरी करने का आरोप, पुलिस कर रही जांच

पूरनपुर। एसपी के आदेश पर पुलिस ने मोहल्ला लाइनपार साहूकारा की नाहिदा बेगम की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की है।

पीड़िता ने बताया कि उसकी पुत्रवधू निशा से आए दिन झगड़ा होता था, जिससे तंग आकर उसे अलग कर दिया गया। निशा अपने पति के साथ घर में अलग रहने लगी।

16 अगस्त की रात जब नाहिदा अपने कमरे में सो रही थी, तो आरोप है कि पुत्रवधू निशा ने 50 हजार रुपये और जेवरात चुरा लिए।

सुबह जब चोरी का पता चला और निशा से रुपये और जेवर लौटाने को कहा गया, तो उसने देने से इनकार कर दिया।

17 फरवरी को जब दोबारा रकम और जेवर मांगे गए, तो आरोप है कि निशा, उसके पिता यामीन और भाई यासीन ने नाहिदा को घर से निकाल दिया और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Tags: