दो शादियां छिपाकर तीसरा विवाह करने का आरोप, 16 लाख का सामान लेकर गायब हुई पत्नी
जांच जारी.
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बार फिर कथित लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर दो शादियां छिपाकर तीसरी शादी करने और फिर पति के घर से 15 लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये कैश लेकर फरार होने का आरोप लगा है. कारोबारी पति को जब पत्नी की पिछली शादियों का पता चला और वह जवाब मांगने ससुराल पहुंचा तो वहां उसके और उसके भाई के साथ मारपीट की गई. अब पुलिस ने पत्नी और उसके पिता समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मामला कानपुर के बर्रा इलाके का है. यहां रहने वाले ऑटो फाइनेंस कारोबारी विशाल विश्वकर्मा ने बर्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई है. विशाल के मुताबिक, साल 2025 में उनकी शादी प्रगति विश्वकर्मा से हुई थी. शादी एक बड़े गेस्ट हाउस में हुई थी और इसका पूरा खर्च उन्होंने उठाया था. उन्होंने पत्नी के लिए करीब 15 लाख रुपये के गहने भी बनवाए थे.
विशाल का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद तक सब ठीक रहा, लेकिन फिर पत्नी के व्यवहार में बदलाव आने लगा. वह दिनभर फोन पर किसी से बात करती रहती थी. इसको लेकर उन्होंने कई बार समझाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. आरोप है कि जून 2026 में प्रगति घर से 15 लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये कैश लेकर गायब हो गई.
पत्नी के अचानक गायब होने के बाद विशाल ने उसकी तलाश शुरू की. उन्होंने ससुराल वालों से भी जानकारी मांगी, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने प्रगति के पुराने रिकॉर्ड खंगालने शुरू किए. इसी दौरान उन्हें पता चला कि प्रगति उनसे पहले भी दो शादियां कर चुकी थी.
विशाल के मुताबिक प्रगति की पहली शादी साल 2017 में कानपुर के जूही निवासी सोनू विश्वकर्मा से हुई थी. इसके कुछ ही महीने बाद जून 2017 में उसने इटावा बजरिया निवासी सुमित बाथम से भी शादी कर ली थी. दोनों शादियां आर्य समाज मंदिर में हुई थीं और उनका रजिस्ट्रेशन भी कराया गया था. हालांकि, इन दोनों पतियों से उसका तलाक हुआ था या नहीं, इसकी जानकारी विशाल को नहीं मिली.
विशाल का आरोप है कि जब वह अपने छोटे भाई के साथ पत्नी की पिछली शादियों के बारे में बात करने ससुराल पहुंचा तो प्रगति, उसके पिता और भाई समेत परिवार के लोगों ने दोनों भाइयों की पिटाई कर दी. इसके बाद वह पुलिस के पास पहुंचा.
विशाल की शिकायत पर पुलिस ने करीब तीन महीने बाद प्रगति और उसके पिता समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. डीसीपी देवेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पति ने पत्नी पर दो शादियां छिपाकर तीसरी शादी करने और घर से जेवर-कैश लेकर जाने का आरोप लगाया है. इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है. पत्नी और उसके परिजनों से पूछताछ की जा रही है. जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.