Noida नोएडा: गौतमबुद्ध नगर जिले में बुधवार को आंधी और भारी बारिश के कारण दो साल के बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आंधी के कारण नोएडा में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही और कई जगहों पर पेड़, बिजली के खंभे और मोबाइल फोन टावर सड़क पर गिर जाने से यातायात बाधित रहा।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आंधी के कारण सूरजपुर थाना क्षेत्र के ओमीक्रॉन थ्री सेक्टर स्थित ‘मिगसन अल्टीमो सोसाइटी’ में 22वीं मंजिल पर रखी लोहे की ग्रिल गिरने से पार्क में टहल रही 50 वर्षीय सुनीता नामक महिला और उसके दो वर्षीय पोते की मौत हो गई। प्रवक्ता ने बताया कि ‘एनटीपीसी टाउनशिप’ में टहल रहे रामकृष्ण नामक एक अन्य व्यक्ति पर पेड़ टूटकर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आंधी और बारिश के कारण कम से कम तीन अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है।