Meerut मेरठ: मेरठ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक गौ तस्कर को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस, गोकशी के औजार और मवेशियों को बेहोश करने के टीके बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि 14 जून को गांव पचगांव पट्टी सनवाल क्षेत्र में मृत गायों के अवशेष मिले थे और इस संबंध में मोहनपाल की शिकायत पर भावनपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि रविवार रात जब पुलिस टीम गांव लाडपुरा रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी उन्हें कुछ संदिग्ध आते दिखाई दिए और उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन संदिग्धों ने उन पर फायरिंग कर दी।
मिश्रा ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध यामीन के बाएं पैर में गोली लग गई जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि उसके बाकी साथी मौके से भाग गए और उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ में यामीन ने 14 जून की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के पास से एक तमंचा, एक खोखा, एक कारतूस, एक भाला, तीन चाकू, मवेशियों को बेहोश करने वाले टीके आदि बरामद हुए हैं।
उन्होंने बताया कि यामीन के खिलाफ मेरठ के विभिन्न थानों में गोकशी, आर्म्स एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम और चोरी आदि से संबंधित कुल 10 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।