Meerut: टेस्ट ड्राइव बना ठगी का हथियार, युवक बाइक लेकर फरार

Update: 2025-09-22 03:09 GMT

Meerut मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के नौचंदी इलाके में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। टेस्ट ड्राइव लेने के बहाने एक युवक दुकान से बाइक लेकर फरार हो गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो दुकान मालिक और आसपास के लोग हैरान रह गए। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।जानकारी के मुताबिक, यह घटना लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के शालीमार गार्डन स्थित राशिद की बाइक की दुकान पर हुई। राशिद बाइक रिपेयर और खरीद-फरोख्त का काम करता है। उसने बताया कि एक युवक उसकी दुकान पर बाइक खरीदने आया था। बातचीत के बाद 15,000 रुपये में कीमत तय हुई। युवक ने कहा कि वह बाइक खरीद लेगा, लेकिन पहले टेस्ट ड्राइव लेना चाहता है। जैसे ही राशिद ने उसे बाइक दी, युवक उसे लेकर चला गया और काफी देर तक वापस नहीं आया। राशिद ने आसपास तलाश की, लेकिन बाइक नहीं मिली।

राशिद ने बताया कि आरोपी युवक को एक जानकार व्यक्ति दुकान पर लेकर आया था। वह युवक का नाम अयान बता रहा है। राशिद का कहना है कि वह शिकायत लेकर स्थानीय थाने गया था, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उससे कहा कि पहले बाइक का रजिस्ट्रेशन वाले व्यक्ति को लेकर आओ, उसके बाद ही कार्रवाई होगी। अब राशिद बाइक के असली मालिक को लेकर थाने जाने की तैयारी कर रहा है। इस मामले में सीओ सिविल लाइंस अभिषेक तिवारी का कहना है कि अभी उनके पास कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है। शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News