बागपत: राष्ट्रपति भवन में तैनात सुरक्षा गार्ड सौरभ कुमार पर उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र स्थित गांव गोपालपुर खड़ाना में दीपावली की रात जानलेवा हमला हुआ। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दोनों वांछित आरोपित धीरज और मोनू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित धीरज के पैर में गोली लगी है। घायल दोनों आरोपिताें को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों आरोपिताें पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि दीपावली की रात गांव गोपालपुर खड़ाना में पड़ोसियों के बीच विवाद के बाद गोलीबारी हुई थी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन में सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात सौरभ कुमार को गोली लग गई थी। वहीं, विनीत के सिर पर डंडा मारकर उसे घायल कर दिया था। मामले में रमाला थाना पर आरोपिताें के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। रमाला पुलिस आरोपिताें की तलाश में जुटी थी। दोनों अपराधियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

बीतीरात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपित गांव के एक गन्ने के खेत में छिपे हुए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने खेत की घेराबंदी कर दी। इस दौरान आरोपित धीरज ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें धीरज के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से ही उसे दबोच लिया। वहीं दूसरा आरोपित मोनू भी पकड़ा गया। घायल आरोपिताें को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। एसपी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि फिलहाल दोनों आरोपित खतरे से बाहर हैं। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags: