Mathura encounter: अपराधियों के खिलाफ जारी मुहिम के तहत पुलिस और स्वाट (SWAT) टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। शुक्रवार देर रात हुई एक मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने 23 मुकदमों में वांछित शातिर लुटेरे आकाश उर्फ मलिंगा को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में मलिंगा के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना उस समय की है जब स्वाट टीम और थाना सदर बाजार पुलिस क्लासी स्कूल के समीप संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी मलिंगा ने पकड़े जाने के डर से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
गिरफ्तार आकाश उर्फ मलिंगा एक बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। जब उसके रिकॉर्ड की जांच की गई, तो पुलिस भी हैरान रह गई। मलिंगा पर मथुरा और आगरा के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर धाराओं में कुल 23 मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में उसने सदर बाजार क्षेत्र में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम दिया था, जिसके बाद से वह पुलिस की रडार पर था।पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में लूटा हुआ माल और अवैध हथियार बरामद किए हैं जिनमे एक सोने की चेन, दो अंगूठी और एक मांग का टीका, 1250 रुपये नकद और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल,एक 315 बोर का तमंचा, तीन खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस शामिल हैं।