Lucknow: खाने में नमक ज्यादा होने को लेकर बेटी से झगड़ा होने पर मजदूर ने कर ली आत्महत्या
Lucknow लखनऊ: लखनऊ के वजीरगंज इलाके में खाने में नमक ज्यादा होने को लेकर बेटी से झगड़ा होने पर मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकीपुरम में कृषि विभाग के आउटसोर्स कर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दुबग्गा में मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। सीतापुर बिसवां निवासी मजदूर सियाराम कश्यप (55) वजीरगंज के मशकगंज में परिवार के साथ रहते थे। उनके बेटे अंकित ने बताया कि बुधवार देर शाम उनके पिता शराब के नशे में घर आए। उनकी बहन मोहिनी ने उन्हें खाना दिया। नमक ज्यादा होने की बात कहकर पिता ने खाना फेंक दिया और मोहिनी से झगड़ा करने लगे। परिजनों ने उन्हें शांत कराकर दूसरे कमरे में सुला दिया।
देर रात अंकित जब अपने कमरे में गया तो सियाराम पंखे के हुक से लटके मिले और उनके गले में तौलिया बंधा हुआ था। उन्हें फंदे से उतारकर तत्काल बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार में बेटा-बेटी के अलावा पत्नी रामदुलारी हैं। उधर, मूल रूप से उन्नाव के सफीपुर निवासी अंकित सिंह चौहान (34) कृषि विभाग में आउटसोर्सिंग पर कार्यरत थे। वह जानकीपुरम में किराए पर रहते थे। भाई अमित ने बताया कि अंकित होली पर परिवार के साथ गांव आए थे। रविवार को वह अकेले जानकीपुरम गए थे। पत्नी शीलू और बेटा आकर्ष गांव में थे। अंकित नशे का आदी था। बुधवार देर शाम तक अंकित अपने कमरे से बाहर नहीं निकला।
पड़ोसी उसके कमरे में गए तो अंकित दुपट्टे से लटक रहा था। उधर, दुबग्गा के जेहटा में मजदूर अशोक (24) ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। भाई संतोष ने बताया कि अशोक बुधवार शाम काम से घर लौटा था। वह बिना किसी से कुछ बताए अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद मां सुरसती उसे खाने के लिए बुलाने गईं तो वह कुंडी से बंधे शर्ट के फंदे के सहारे लटक रहा था। अशोक अविवाहित था।