Lucknowलखनऊ: लखनऊ में निगोहां भगवानुपुर मोड़ के पास बुधवार शाम कबाब पराठा खाने को लेकर हुए विवाद में विक्रेता भाइयों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। गर्दन पर वार होने से युवक लहूलुहान हो गया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मदद को दौड़े। युवक खून से लथपथ होकर गिर पड़ा तो कबाब पराठा बेचने के आरोपी सगे भाई भाग निकले। लहूलुहान हालत में उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। लालपुर निवासी मुकेश सिंह (29) बुधवार शाम अपने दोस्त शिवम के साथ निगोहां भगवानुपुर मोड़ के पास कबाब-पराठा खाने पहुंचा था।
दुकान पर काफी भीड़ थी। ऑर्डर देने के बाद भी पराठा नहीं मिला। इस पर किसान ने पहले पराठा मांगा। इस पर विक्रेता भाइयों ने विवाद शुरू कर दिया। युवक से गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर आरोपी विक्रेता ने अपने सगे भाइयों के साथ मिलकर युवक पर चाकू से हमला कर दिया। किसान खून से लथपथ सड़क पर पड़ा रहा। दोस्त के चिल्लाने पर राहगीर मदद को आए। इसके बाद किसान को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
मुकेश के दोस्त शिवम के मुताबिक, दो कबाब रोल का ऑर्डर दिया गया था। जिसके बाद दोनों खड़े होकर बात करने लगे। इसी बीच कई और ग्राहक आ गए। दुकानदार ने सामान पहले उन्हें दे दिया। मुकेश ने विरोध किया तो विक्रेता अतुल गिरी को बुरा लगा। विरोध करने पर आरोपी झगड़ा करने लगे। इसी बीच अतुल के भाई आशीष और अखिलेश गिरी भी आ गए।