Lucknow लखनऊ: आलमबाग बस अड्डे से मंगलवार रात ऑटो से चिनहट अपने भाई के घर जा रही महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। महिला का शव मलिहाबाद के वाजिदनगर स्थित एक बाग में पड़ा मिला। जेवर, मोबाइल व अन्य सामान गायब है। महिला वाराणसी से नौकरी के लिए इंटरव्यू देकर लौटी थी।
भाई ने मलिहाबाद थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आशंका है कि महिला के साथ लूटपाट व दुष्कर्म किया गया। पुलिस ई-ऑटो चालक के बारे में पता लगा रही है। खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं।
अयोध्या के रौनाई निवासी 34 वर्षीय महिला के भाई ने बताया कि उसकी बहन फाइनेंस कंपनी में नौकरी के लिए परीक्षा व ट्रेनिंग के लिए रविवार को अकेली वाराणसी गई थी। वह मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे रोडवेज बस से आलमबाग बस अड्डे पहुंची। यहां से बहन ने चिनहट कामता जाने के लिए ई-ऑटो बुक किया।
बहन ने फोन करके कहा कि वह 30 मिनट में घर पहुंच जाएगी। आधे घंटे बाद जब वह घर नहीं पहुंची तो उसने 2:35 बजे फोन किया। बहन ने बताया कि ऑटो चालक दूसरे रास्ते से जा रहा है। उसने बहन के फोन से चालक से बात की। उसने बताया कि रास्ता खराब है। इसलिए वह दूसरे रास्ते से आ रहा है। कुछ देर बाद बहन का फोन बंद हो गया। उसने पुलिस कंट्रोल रूम को बहन के लापता होने की सूचना दी।
भाई को भेजी थी आखिरी लोकेशन
भाई ने पुलिस को बताया कि बहन ने उसे लाइव लोकेशन भेजी थी, जो मलीहाबाद के आसपास की थी। पुलिस ने महिला के मोबाइल की लोकेशन चेक की तो मलीहाबाद के वाजिदनगर में मिली।
बाग में पड़ा मिला महिला का शव
रात साढ़े तीन से चार बजे के बीच मलीहाबाद पुलिस को महिला का शव वाजिदनगर सघन सहकारी समिति के पास इशरत के बाग में पड़ा मिला। गर्दन पर चोट के निशान थे। कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। पुलिस ने भाई को सूचना दी। फोरेंसिक टीम बुलाई गई। भाई ने बताया कि बहन के पहने हुए जेवर, फोन व अन्य सामान गायब है। आशंका है कि महिला के साथ दुष्कर्म कर लूटपाट की गई और फिर उसकी हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। दुष्कर्म की जांच के लिए स्लाइड भी तैयार की गई है। पुलिस का दावा है कि गले के अलावा कहीं और चोट के निशान नहीं हैं।