Lakhimpur Kheri: मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी

Update: 2025-02-28 08:04 GMT
Lakhimpur Kheri लखीमपुर खीरी : शहर के मोहल्ला अर्जुनपुरवा में चोरों ने एक मकान का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी-जेवर समेत करीब चार लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। मकान मालिक परिवार के साथ अपने पैतृक गांव बौधिया कलां गया हुआ था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला अर्जुनपुरवा निवासी रोहित शर्मा ने बताया कि तीन दिन पहले उनके पिता रामकिशन शर्मा को हार्ट अटैक पड़ा था। उन्हें देखने के लिए वह बुधवार की शाम पांच बजे मकान पर ताला डालकर थाना मझगईं के गांव बौधिया कलां स्थित अपने पैतृक गांव गए थे। उसी रात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़ दिया। गुरुवार की दोपहर करीब एक बजे दूध वाले ने फोन कर उन्हें जानकारी दी कि उनके मकान के ताले टूटे हुए पड़े हैं। यह सुनकर उनके होश उड़ गए।
सूचना मिलने पर देर शाम जब वह मकान पर पहुंचे, तो देखा कि मेन गेट के साथ ही कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। सेफ का लॉकर भी टूटा पड़ा था। सेफ में रखी हजारों रुपये की नकदी, मां, पत्नी और भाभी के करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर सहित सारा कीमती सामान गायब था। चोरी की सूचना से मोहल्ले में दहशत व्याप्त हो गई और मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई।
पीड़ित की सूचना पर सेठघाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मौका-मुआयना किया। पीड़ित ने चोरी की तहरीर कोतवाली सदर पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षक सदर अंबर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस छानबीन कर रही है और जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।
Tags:    

Similar News