Kushinagar: राजापाकड़/कुशीनगर : राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत मंगलवार को दुदही सीएचसी की टीम बी ने दुदही विकास खंड के ग्राम पंचायत रकबा दुलमापट्टी के कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर में चिकित्सा शिविर आयोजित कर 91 छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। एमओ डा. सुभाष यादव व डा. पूनम यादव के नेतृत्व में टीम ने छात्रों का फोर डी (जन्म दोष, पोषण की कमी, बीमारियां एवं विकास में विलंब) श्रेणियों के अंतर्गत परीक्षण किया। सिर से पांव तक जांच कर लंबाई, वजन सहित संपूर्ण शारीरिक परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान सर्दी-जुकाम, कान बहना, त्वचा रोग, पीठ दर्द व आंखों के संक्रमण जैसी समस्याएं पाई गईं। आवश्यकतानुसार दवाएं वितरित की गईं। छात्रों को मई माह की भीषण गर्मी से बचाव के उपाय बताते हुए चिकित्सकों ने अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने, धूप से बचने और संतुलित आहार लेने की सलाह दी। डा. सुभाष यादव ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से बीमारियों की समय रहते पहचान कर उचित उपचार संभव है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के विकास पर सजग नजर रखने की अपील की। इस दौरान शिक्षक धनन्जय मिश्र, नन्हे प्रसाद, ब्रजेश सिंह, नीतू यादव, अनीता कुशवाहा, अमृता, नीलू, रानी, ललिता, खुशी, सोनी, इंदिरा, नीतिश, ओमप्रकाश, गोविंद, सूरज, आदित्य, अन्नू, नीरु, शिल्पी, ब्यूटी, सुव्वी सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।