कानपुर: फजलगंज थाना क्षेत्र में बेटे की शादी से महज 18 दिन पहले एक पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार रात तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन सुबह घर के नीचे गैलरी में उनका शव रस्सी के सहारे लटका मिला। परिजन इस आत्मघाती कदम की कोई वजह नहीं बता सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घर में चल रही थी शादी की तैयारियां: प्रतापगंज गड़रियनपुरवा निवासी 60 वर्षीय भगवानदीन पेशे से कार चालक थे। उनके परिवार में पत्नी विद्यादेवी, बेटे संजय, संदीप, रोविल और बेटी रेखा हैं।

20 फरवरी को बेटे रोविल की शादी और 18 फरवरी को तिलक समारोह तय था।

5 फरवरी को नए मकान का गृह प्रवेश भी होना था, जिससे घर में पुताई और सफाई का काम चल रहा था।

भगवानदीन ने घर के कामों के लिए दो दिन की छुट्टी भी ली थी और शादी की तैयारियों में जुटे थे।

रात तक सब कुछ ठीक, सुबह मिली लाश

परिजनों के अनुसार रविवार रात तक कोई परेशानी नजर नहीं आई। परिवार के सभी लोगों ने साथ बैठकर रात का खाना खाया और सोने चले गए। लेकिन सोमवार सुबह भगवानदीन का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। यह देख पूरे परिवार में हड़कंप मच गया।

पुलिस कर रही जांच, नहीं मिला सुसाइड नोट

घटना की सूचना पर फजलगंज इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।

परिजन आत्महत्या की कोई वजह नहीं बता सके।

मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।

पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और उनकी तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिवार शादी की खुशियों में डूबा था, लेकिन अचानक आई इस घटना ने हर किसी को सदमे में डाल दिया है।

Tags: