Hardoi News: बेनीगंज-संडीला मार्ग पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने एचडीएफसी बैंक के ग्रुप लोन अधिकारी को टक्कर मार दी। हादसे में बैंक अधिकारी की मौत हो गई। चालक बस समेत मौके से फरार हो गया। लखीमपुर खीरी के मैगलगंज थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव निवासी शिवम मिश्रा (30) एचडीएफसी बैंक में ग्रुप लोन अधिकारी के पद पर तैनात थे। बुधवार दोपहर शिवम बैंक के काम से बाइक से फरेंदा गांव गए थे। यहां से संडीला लौटते समय बेनीगंज मार्ग पर मिलन गेस्ट हाउस के पास बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल शिवम को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संडीला पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बैंक अधिकारी और कर्मचारी सीएचसी पहुंच गए। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी आ गए। भाई धीरज के मुताबिक शिवम अविवाहित था और पांच भाइयों में सबसे छोटा था। घटना की सूचना पुलिस इंस्पेक्टर विजय कुमार ने दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बस और चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।