Firozabad फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से सड़क हादसे की एक दुखद घटना सामने आई है। फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस में आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने किसी तरह बस से कूदकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि बस राजस्थान के अजमेर शरीफ से नेपाल जा रही थी।इस घटना के बारे में सिरसागंज सर्किल ऑफिसर अनिवेश कुमार सिंह ने बताया कि फिरोजाबाद जिले में माइलस्टोन नंबर 76, कठफोरी कट के पास एक डबल डेकर बस में टायर फटने और शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। घटना के दौरान यात्रियों ने खुद को बचाने के लिए बस से छलांग लगा दी।
पुलिस के मुताबिक, बस का पिछला टायर अचानक फट गया और चलती बस से चिंगारियां निकलने लगीं। चिंगारियों ने जल्दी ही आग पकड़ ली और बस के निचले हिस्से में भीषण आग लग गई। बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। ड्राइवर ने बस को सड़क के किनारे रोक दिया। जैसे ही बस रुकी, यात्री खिड़कियों से कूदने लगे। यात्रियों के बाहर निकलने के बाद बस जल्दी ही आग का गोला बन गई।
बताया जा रहा है कि बस राजस्थान के अजमेर शरीफ से नेपाल जा रही थी। बस में कुल 56 यात्री सवार थे, जिनमें 12 बच्चे भी शामिल थे। गनीमत रही कि सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया। बस के लगेज कंपार्टमेंट में रखा यात्रियों का सामान आग में जल गया, हालांकि कुछ सामान बचा लिया गया।सिरसागंज सर्किल ऑफिसर अनिवेश कुमार सिंह के अनुसार, शिकोहाबाद डिपो को सूचना दी गई और यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक भेज दिया गया है।
Tags: