Kushinagar: राजापाकड़/कुशीनगर: मंगलवार की सुबह सेवरही थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत धर्मपुर पर्वत में पंचायत भवन से तीन सौ मीटर उत्तर धर्मपुर माइनर में पानी में एक 75 वर्षीय व्यक्ति का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालवाया। शव की पहचान पटहेरवा थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत बगही निवासी भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष श्रीनिवास राय के पिता रामनयन राय के रुप में हुई। जो सोमवार को दिन में तीन बजे से गुमशुदा थे। पुलिस ने शव को पीएम हेतु भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक मृतक रामनयन राय सोमवार को परिजनों को बिना कुछ बताए घर से निकल गए। उनकी हरसंभव तलाश की गई तथा सोशल मीडिया पर सूचना साझा की गई। देररात तक उनका पता नहीं चल सका। इधर धर्मपुर गांव खेत की तरफ गए किसी व्यक्ति ने नहर में शव देखकर शोर मचाया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। एसओ धीरेंद्र राय हल्का इंचार्ज शेषनाथ यादव व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे व शव को बाहर निकलवाया। सोशल मीडिया पर प्रसारित फोटो से तुलना करते हुए ग्रामीणों ने बगल में स्थित ग्राम पंचायत मठिया भोकरिया निवासी व मृतक के दामाद दिलीप राय के घर सूचना दी। सूचना पर पहुंचे मृतक के पुत्र व अन्य लोगों ने शव का शिनाख्त किया। पुलिस को दी गई तहरीर में मृतक के पुत्र ने घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए मृतक के तबीयत ठीक न होने की बात बताई। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक संतुलन ठीक न होने से व पैर फिसल जाने से नहर में गिरकर मृत्यु हो गई होगी। पुलिस ने शव का पंचनामा बनवाकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अजय राय, आरएसएस के प्रचार प्रमुख प्रवीण कुमार राय, विजय सिंह, पप्पू सिंह, प्रधान प्रतिनिधि, विनोद सिंह, अमर हिंदुस्तानी, मंडल महामंत्री जितेंद्र गुप्ता, प्रधान मनोज राय, विनोद राय आदि मौजूद रहे।