Fatehpur फतेहपुर: फतेहपुर कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने घर से ही मादक पदार्थ बेच रहा था। उसके कब्जे से गांजा, अफीम और डोडा-पोस्त सहित लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए। आरोपी को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
कोतवाल महेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कस्बे का एक व्यक्ति अपने घर से अवैध मादक पदार्थ बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घर पर छापा मारा। फतेहपुर वार्ड क्रमांक 52, लक्ष्मीनाथ नगर निवासी सुरेश माटोलिया पुत्र भंवरलाल माटोलिया को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 11.550 किलोग्राम गांजा, 1.013 किलोग्राम अफीम और 39.320 किलोग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया गया।
थानाधिकारी ने आगे बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। सुरेश माटोलिया लंबे समय से अपने घर से मादक पदार्थों का अवैध कारोबार चला रहा था और उन्हें ऊंचे दामों पर बेच रहा था।पुलिस टीम ने मामले की जाँच रामगढ़ सेठान थानाधिकारी प्रकाश चंद को सौंपी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने नशीला पदार्थ कहाँ से खरीदा था और उसके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।