सोनभद्र: ओबरा में सोमवार देर शाम दोपहिया वाहन शोरूम संचालक रोहित कुमार को अगवा करने का प्रयास हुआ। पीड़ित के अनुसार, कार सवार लोगों ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मारी। विरोध करने पर खुद को क्राइम ब्रांच का सदस्य बताया और थाने ले जाने के बहाने जबरन कार में बैठा लिया।

रोहित का टीवीएस शोरूम डिग्री कॉलेज–शारदा मंदिर मार्ग पर है। वह शोरूम बंद करके घर लौट रहे थे। बिल्ली पोखरा के पास कार सवारों ने उन्हें रोका और फिर नगर से बाहर की ओर ले जाने लगे।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कार में भी बदमाशों से बचने का प्रयास जारी रखा। इसी दौरान आरोपियों ने पिस्टल की मुठिया से उनके सिर पर वार किया। लगातार विरोध करने पर बदमाश उन्हें बिल्ली चढ़ाई के पास कार से नीचे फेंककर फरार हो गए।
घटना के बाद रोहित ने परिजनों को जानकारी दी। परिजन उन्हें लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण के प्रयास और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश जारी है।
Tags: