Bareilly बरेली: स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम ने झारखंड से अफीम लाकर जिले में सप्लाई करने वाली देवीपुर थाना भमोरा निवासी रिजवाना बेगम को सुभाषनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। महिला के पास से दो किलो नौ सौ ग्राम अफीम बरामद हुई है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 43 लाख रुपये बताई जा रही है। एसटीएफ की टीम ने आरोपी महिला को सुभाषनगर पुलिस के हवाले कर दिया। एसटीएफ एसपी अब्दुल कादिर ने बताया कि टीम मादक पदार्थ तस्करों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच सूचना मिली कि एक महिला सुभाष नगर पुलिया के पास रेलवे के खंडहर क्वार्टर से अफीम लेकर जाने वाली है।
टीम ने बुधवार दोपहर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह बरामद अफीम झारखंड के चतरा से अखिलेश नाम के व्यक्ति से लेकर आई थी। उसने बताया कि वह इसे स्थानीय लोगों और पंजाब के करनाल के जसवंत नाम के व्यक्ति को मोटी रकम में सप्लाई करती थी। वह कई सालों से यह काम कर रही थी।