Bareilly बरेली: एसटीएफ लखनऊ की टीम ने अंधी पुलिया सुभाष नगर के पास से दो अफीम तस्करों को साढ़े तीन किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। तस्कर झारखंड से मादक पदार्थ लाकर दिल्ली, पंजाब, यूपी समेत कई राज्यों में सप्लाई करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हजारीबाग के गांव दादापुर निवासी विशाल कुमार और गांव तिलई अलीगंज निवासी बंटी उर्फ राजा के रूप में हुई है। एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक विमल कुमार सिंह ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि मादक पदार्थ तस्करी करने वाले गिरोह का एक सदस्य झारखंड से मादक पदार्थ (अफीम) लाकर बरेली में किसी को देने वाला है।
जिस पर टीम ने तुरंत एनसीबी लखनऊ को साथ लेकर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से साढ़े तीन किलो अफीम बरामद हुई। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 17.50 लाख रुपये है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन, 48 हजार रुपये, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक डीएल, एक एटीएम, एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। आरोपी विशाल ने पूछताछ में बताया कि उसका एक गिरोह है। जो झारखंड के जंगलों से सस्ते दामों पर अफीम लाकर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली समेत अन्य राज्यों में सप्लाई करता है।
इस बार वह झारखंड से अफीम की खेप बरेली निवासी बंटी को देने आया था। बंटी पंजाब, उत्तराखंड, बरेली और आसपास के जिलों में फुटकर में इसकी तस्करी करता है। एनसीबी लखनऊ ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।