Bareilly बरेली: रजऊ परसापुर में महालक्ष्मी गैस एजेंसी के बाहर सोमवार को सिलेंडरों से भरे ट्रक में आग लग गई। आग लगने से सिलेंडर फट गए और टुकड़े करीब 500 मीटर दूर जा गिरे। ट्रक के भी परखच्चे उड़ गए। एजेंसी के दफ्तर में भी आग लग गई और दीवारें ढह गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। तेज धमाकों की आवाज सुनकर लोग घबरा गए। मौके पर पहुंची दमकल की छह गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बिथरी चैनपुर के रजऊ परसापुर गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर इंडेन की महालक्ष्मी गैस एजेंसी है। सोमवार को एजेंसी बंद होने के कारण भीड़ कम थी। मौके पर चौकीदार दिनेश कुमार समेत कुछ अन्य लोग मौजूद थे। एजेंसी के बाहर 400 सिलेंडरों से भरा ट्रक खड़ा था।
दोपहर करीब एक बजे अचानक ट्रक के इंजन में आग लग गई। आग ट्रक में भरे सिलेंडरों तक पहुंच गई और सिलेंडर फटने लगे। फटे सिलेंडरों के टुकड़े करीब 200 मीटर ऊंचे उछलकर 500 मीटर दूर खेतों में जा गिरे। करीब 350 सिलेंडर फटे हैं। चौकीदार ने बताया कि उसने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग बढ़ने पर वह जान बचाकर भाग गया। सूचना मिलने पर फरीदपुर से एक, बरेली से चार और परसाखेड़ा से एक दमकल मौके पर पहुंची और किसी तरह आग पर काबू पाया।
हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। लोगों का कहना था कि अगर गैस एजेंसी के पास कोई गांव होता तो जनहानि हो सकती थी। हादसे के वक्त काफी देर तक अफरातफरी मची रही। बिथरी चैनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच की। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि दोपहर करीब 400 गैस सिलेंडर लेकर एक ट्रक महालक्ष्मी गैस एजेंसी पहुंचा था। इसी दौरान ट्रक में आग लग गई। आग पर काबू पा लिया गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है।
Tags: