Barabanki: जिले के मटेरा कला ग्राम पंचायत में गुरुवार रात अज्ञात कारणों से एक ग्रामीण के छप्परनुमा मकान में आग लग गई। आग की लपटों में दो मवेशी जलकर मर गए। जबकि एक मवेशी झुलसने से घायल हो गया है। इसके अलावा लकड़ी का खोखा भी जल गया है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। खैरीघाट थाना क्षेत्र के मटेरा कला ग्राम पंचायत निवासी देवता पुत्र विश्वास गुरुवार रात खाना खाने के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे।
तभी रात नौ बजे उनके छप्परनुमा मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की चपेट में आने से उसमें रखा परचून का खोखा जल गया। वहीं दो मवेशी झुलसकर मर गए जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। जिसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल लालू प्रसाद मौके पर पहुंचे और जांच की। हजारों का नुकसान हुआ है। जल्द ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी।