बलिया: उभांव थाना क्षेत्र में बुधवार रात हुए सड़क हादसे में भाजपा के बूथ अध्यक्ष भास्कर राय की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता भास्कर राय (37), निवासी मालीपुर गांव, गौवापार (कुर्मीपुरा), नगरा थाना क्षेत्र, बुधवार रात करीब 9 बजे गांव लौट रहे थे। तिरनई खिजिरपुर और बिङहरा के बीच उनकी बाइक अचानक एक बछड़े से टकरा गई, जिससे वह असंतुलित होकर ई-रिक्शा से जा भिड़े।
स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भाजपा संगठन और गांव के लोगों में उनके निधन से गहरा शोक है।