Ayodhya: रामनवमी पर रामलला के अद्भुत और अलौकिक दर्शन, सूर्य की किरणों से किया गया तिलक

Update: 2025-04-07 00:47 GMT
Ayodhya अयोध्या: अयोध्या में रामनवमी के पावन अवसर पर पूरे शहर में आस्था और भक्ति की लहर दौड़ गई है. हर गली, हर कोना राममय हो गया है और राम मंदिर की भव्यता हर किसी का मन मोह रही है. कल खास मौके पर सूर्य की किरणों से रामलला का अभिषेक किया गया, जिसमें चार लेंस और चार दर्पणों की मदद से सूर्य की रोशनी रामलला के माथे तक पहुंचाई गई. वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय हो गया. भक्तों ने भगवान राम और माता सीता के जयकारों से माहौल को भक्तिमय कर दिया. राम मंदिर में सुबह से ही कार्यक्रम शुरू हो गए थे और सूर्य तिलक के इस दिव्य क्षण को देखने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु मौजूद थे. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है और ड्रोन से उन पर सरयू का पवित्र जल बरसाया गया, जिससे उनका स्वागत हुआ|
पूरी अयोध्या में भगवान राम के जयकारे लग रहे हैं और हर कोना आस्था से सराबोर है. दोपहर 12 बजे सूर्य तिलक के बाद अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. वहीं, शाम को सरयू घाट पर भव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा, जहां डेढ़ लाख से अधिक दीप जलाकर अद्भुत नजारा प्रस्तुत किया जाएगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए गए हैं। रामनवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए प्रशासन ने अयोध्या में व्यापक तैयारियां की हैं। अयोध्या रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि शहर को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटा गया है, ताकि हर क्षेत्र की निगरानी और प्रबंधन सुचारू रूप से किया जा सके।
उन्होंने बताया कि भारी वाहनों को शहर में प्रवेश करने से रोककर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की तरफ भेजा जा रहा है। साथ ही महाकुंभ की तर्ज पर वैकल्पिक व्यवस्था लागू की गई है। अयोध्या के मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि शहर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत 14 स्थानों पर अस्थायी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए गए हैं, जहां डॉक्टरों की टीम मौजूद है। इसके अलावा आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए सात स्थानों पर 108 एंबुलेंस तैनात की गई हैं। साफ-सफाई को लेकर भी सख्त कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार अयोध्या नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की एक विशेष टीम को सुबह, दोपहर और शाम को नियमित सफाई के लिए तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
Tags:    

Similar News