Amethi:झाड़ियों में कंबल में लिपटा मिला नवजात का शव, इलाके में हड़कंप

Update: 2025-11-17 04:12 GMT
Amethi अमेठी: कोतवाली क्षेत्र के अंतू रोड स्थित बाईपास के पास रविवार सुबह सनसनी फैल गई। सड़क किनारे झाड़ियों में कंबल में लिपटा एक समय से पहले जन्मे नवजात शिशु का शव मिलने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने कंबल में नवजात को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
अमेठी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुँचकर नवजात शिशु के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।स्थानीय निवासी राम प्रताप गुप्ता ने बताया कि सैनिक प्रॉपर्टी डीलर के पास स्थित उनके घर के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने लगभग चार-पाँच महीने के एक मृत नवजात शिशु को फेंक दिया था। उन्होंने सबसे पहले शिशु को देखा और पुलिस को सूचना देकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मामला संदिग्ध लग रहा है। नवजात शिशु को वहाँ किसने और क्यों छोड़ा, इसकी जाँच जारी है।इस घटना से स्थानीय निवासियों में रोष है। उन्होंने इसे समाज के लिए शर्मनाक बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Tags:    

Similar News