Amethi अमेठी: जिले में देर रात शौच के लिए घर के पास नहर पर गया एक बुजुर्ग लापता हो गया। सुबह ग्रामीणों ने नहर में उसकी तलाश शुरू की लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चला है। ग्रामीणों को नहर में बुजुर्ग की लुंगी और चप्पल मिली है। करीब दो किलोमीटर तक नहर में तलाश की गई है लेकिन अभी तक बुजुर्ग के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। दरअसल, यह पूरा मामला मोहनगंज थाना क्षेत्र के भेलाई कला गांव का है जहां गांव के रहने वाले 72 वर्षीय दुलारे मौर्य देर रात करीब 11 बजे शौच के लिए अपने घर के पास नहर पर गए थे जहां से वह अचानक लापता हो गए। सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग की तलाश में लगे हुए हैं।
ग्रामीणों ने दो किलोमीटर तक नहर में तलाश की है और बुजुर्ग की चप्पल और लुंगी नहर में मिली है। जिससे आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग शौच करते समय नहर में गिर गया। मोहनगंज थाना प्रभारी राकेश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं और ग्रामीणों की मदद से वृद्ध को ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं। ग्राम प्रधान अशरफ ने बताया कि गांव के लोगों ने दो किलोमीटर तक नहर में वृद्ध की तलाश की है लेकिन अभी तक वृद्ध के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है।