दिल्ली लाठीचार्ज का असर, यात्रियों ने बदली योजना

Update: 2026-07-21 10:45 GMT

अंबेडकरनगर। दिल्ली में हालिया विरोध प्रदर्शन और लाठीचार्ज की घटना का असर अब यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर भी दिखाई देने लगा है। सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ने के कारण अंबेडकरनगर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों और रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या कम हो गई है। कई लोगों ने अपनी यात्रा टाल दी, जबकि कुछ यात्रियों ने टिकट रद्द कराकर घर पर रहना बेहतर समझा।

अकबरपुर जंक्शन पर मंगलवार को आरक्षित टिकट वापस कराने के लिए यात्रियों की भीड़ देखने को मिली। रेलवे के आरक्षित काउंटर पर कैफियत एक्सप्रेस के 15 आरक्षित टिकट वापस किए गए। यात्रियों ने बताया कि दिल्ली में बने हालात को देखते हुए उन्होंने फिलहाल यात्रा रद्द करने का फैसला लिया है। वहीं, सद्भावना एक्सप्रेस में भी सामान्य दिनों की तुलना में यात्रियों की संख्या कम रही।

अकबरपुर निवासी सुनील वर्मा ने बताया कि उन्हें अपने परिवार को दिल्ली छोड़ने जाना था, लेकिन वहां के माहौल को देखते हुए उन्होंने यात्रा कुछ दिनों के लिए टाल दी है। उनका कहना था कि जब स्थिति सामान्य होगी, तभी परिवार के साथ दिल्ली जाएंगे।

इसी तरह जलालपुर निवासी सूरजभान सिंह ने बताया कि उन्होंने बच्चों के साथ दिल्ली जाने की योजना बनाई थी। काफी प्रयास के बाद उन्हें तीन दिन की भागदौड़ के बाद पांच कन्फर्म टिकट मिले थे, लेकिन दिल्ली में हुई घटना के बाद परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई और उन्होंने यात्रा रद्द करने का निर्णय लिया।

शहजादपुर निवासी उमेश कसौधन और दीपक वर्मा ने भी बताया कि उन्हें दिल्ली जाकर दुकान के लिए सामान खरीदना था, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए उन्होंने अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। यात्रियों का कहना है कि वे दिल्ली जाना चाहते हैं, लेकिन माहौल शांत होने के बाद ही यात्रा करना सुरक्षित समझ रहे हैं।

ट्रेनों के साथ-साथ रोडवेज बस सेवाओं पर भी इसका असर देखने को मिला। अकबरपुर बस डिपो से दिल्ली जाने वाली बसों में यात्रियों की संख्या काफी कम रही। सामान्य दिनों में जहां दिल्ली जाने वाली बसों में अच्छी भीड़ रहती थी, वहीं मंगलवार को बसों में गिने-चुने यात्री ही नजर आए।

अकबरपुर रेलवे स्टेशन के आरक्षित काउंटर के पर्यवेक्षक बृजेश यादव ने बताया कि यात्रियों की संख्या में थोड़ी कमी जरूर आई है। उन्होंने कहा कि कुछ यात्रियों ने टिकट वापस कराए हैं। इनमें पांच टिकट काउंटर से वापस किए गए, जबकि अन्य टिकट ऑनलाइन माध्यम से रद्द किए गए।

वहीं, अकबरपुर बस डिपो की इंचार्ज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि दिल्ली में विरोध प्रदर्शन और हंगामे की खबरों के बाद यात्रियों की संख्या में कमी आई है। मंगलवार को दिल्ली जाने वाली बस से केवल करीब 15 यात्री रवाना हुए।

यात्रियों का कहना है कि दिल्ली में हालात सामान्य होने और सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ने के बाद ही वे दोबारा यात्रा की योजना बनाएंगे। फिलहाल विरोध प्रदर्शन और लाठीचार्ज की खबरों ने यात्रियों में चिंता पैदा कर दी है, जिसका असर रेल और बस सेवाओं पर साफ दिखाई दे रहा है।

प्रशासन और परिवहन विभाग हालात पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यात्रा व्यवस्था सामान्य है, लेकिन यात्रियों की संख्या में कमी सुरक्षा चिंताओं के कारण आई है। आने वाले दिनों में स्थिति सामान्य होने पर दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या फिर बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Tags:    

Similar News