पलभर में उजड़ गया परिवार, ट्राले से कार की टक्कर में तीन की मौत
गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा
संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। बहजोई थाना क्षेत्र में गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक महिला के पति, इकलौते बेटे और भाई की जान चली गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान आजमगढ़ निवासी 40 वर्षीय अजय कुमार, उनके बेटे पीयूष और 30 वर्षीय साले राजकुमार के रूप में हुई है। घायल महिला का नाम शैलेश कुमारी है। वह कैंसर का इलाज कराने अपने परिवार के साथ दिल्ली जा रही थीं। परिवार शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे आजमगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। रात लगभग 11 बजे गंगा एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 112 पर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंच गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। घायल शैलेश कुमारी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अजय कुमार राजमिस्त्री थे और पानी की टंकियों के निर्माण का काम करते थे। उनके साले राजकुमार कंप्यूटर से संबंधित कारोबार करते थे। पीयूष दंपती की इकलौती संतान था। एक्सप्रेसवे प्रबंधन ने महिला से प्राप्त फोन नंबर के माध्यम से हादसे की जानकारी परिजनों को दी। दुर्घटना के बाद कार चालक घटनास्थल पर नहीं मिला। बहजोई थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि पुलिस चालक की तलाश के साथ दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। घायल महिला भी हादसे का कारण नहीं बता सकी हैं।