यूरिया-DAP के स्टॉक में बड़ा अंतर, खाद केंद्र संचालक पर मुकदमा दर्ज
खाद की कालाबाजारी का शक, औचक जांच में खुली गड़बड़ी की पोल
बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में खाद की कालाबाजारी की आशंका के बीच कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। टिकोरामोड़ स्थित आईएफडीसी कृषक सेवा केंद्र पर खाद के स्टॉक में गड़बड़ी मिलने के बाद केंद्र संचालक महेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने सहायक आयुक्त सहकारिता देवेंद्र कुमार सिंह के साथ केंद्र का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान केंद्र पर 87.75 मीट्रिक टन यूरिया और 19 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध मिली थी।
निरीक्षण के दौरान पीओएस मशीन में दर्ज खाद के स्टॉक का वास्तविक भंडार से मिलान किया गया। इसमें अंतर सामने आया। इसके बाद खाद की कालाबाजारी किए जाने की आशंका जताई गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। अपर जिला कृषि अधिकारी ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव की तहरीर पर कोतवाली देहात पुलिस ने केंद्र संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी दद्दन सिंह के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि पीओएस मशीन और वास्तविक स्टॉक में अंतर किन परिस्थितियों में आया तथा खाद की कालाबाजारी हुई थी या नहीं।
फिलहाल इस मामले ने खाद के भंडारण और वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।