नोएडा: शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने नोएडा के एक व्यक्ति से 11 लाख रुपये ठग लिए। आरोपितों ने फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए निवेशक को बढ़ा हुआ मुनाफा दिखाकर अपने जाल में फंसाया। मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल के अनुसार, पीड़ित विजय कुमार श्रीवास्तव ने ऑनलाइन ट्रेडिंग अकाउंट खोलने के लिए आवेदन किया था। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उनसे संपर्क किया और शेयर मार्केट में निवेश करने पर मोटा मुनाफा मिलने का लालच दिया।

आरोपितों ने उन्हें एक लिंक भेजा और दावा किया कि इस प्लेटफॉर्म पर शेयर खरीदने और बेचने की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्लेटफॉर्म की जांच के लिए पीड़ित ने शुरुआत में 10 रुपये ट्रांसफर किए।

इसके बाद आरोपितों के झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग किस्तों में 11 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा कर दिए। ठग शाम के समय कम कीमत पर शेयर खरीदने और सुबह उनकी कीमत बढ़ने का दावा करते थे। फर्जी प्लेटफॉर्म पर पीड़ित की निवेश राशि और मुनाफा लगातार बढ़ता हुआ दिखाई देता था।

जब विजय कुमार ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपितों ने निकासी के लिए उनसे अतिरिक्त पैसे की मांग शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें ठगी का संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags: